फिरोजाबाद। टूंडला में घर से सब्जी लेने आए मोबाइल टॉवर पर टेक्नीशियन का काम करने वाले युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव सिंचाई विभाग के खंडहर बने कार्यालय में पड़ा मिला। युवक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। थाना पचोखरा के गांव धर्मपुर निवासी 26 वर्षीय धर्मवीर सिंह माेबाइल टॉवर पर टेक्नीशियन के रूप में आगरा परिक्षेत्र में कार्य करता था। शनिवार शाम चार बजे वह घर से सब्जी लेने जाने की कहकर अपनी नई पल्सर बाइक से टूंडला के लिए निकला था। देरशाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई। उन्होंने उसका मोबाइल लगाया तो वह स्विच ऑफ जाता रहा। रविवार सुबह परिजन ने पचोखरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी।







