गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के हरपुर में बुधवार की देर रात एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने गोली मारने का आरोप मृतक के दोस्तों पर लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान हरपुर बाजार निवासी अमरजीत सहनी के 26 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार सहनी के रूप में की गई।
बताया जाता है की बुधवार को मनीष साहनी के परिवार के सभी लोग खाना खाकर सोए हुए थे। इसी बीच उसके कुछ दोस्तों ने फोन किया था। फोन पर काफी विवाद हुआ, जिसके बाद उसे घर से बाहर बुलाया गया और उसे गोली मार दी गई। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तब उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर जाने के दौरान उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
मृतक के भाई राहुल ने बताया की पांच लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौप दिया गया। वहीं इस मामले में नगर थाना इंस्पेक्टर ओपी चौहान ने बताया कि गोली लगने से युवक की मौत हुई है। परिजनों द्वारा उसके दोस्तों पर हत्या करने का मौखिक रूप से आरोप लगाया जा रहा है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं परिजनों द्वारा कई तरह की बाते की जा रही है। फिलहाल आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि मृतक की शादी पिछले साल ही हुई थी।







