पाकबड़ा। हासमपुर गोपाल गांव में शुक्रवार को पबजी खेलने के विवाद में युवक सुरेंद्र सिंह की पीट पीट कर हत्या करने वाले चार आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। बुधवार शाम पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। हासमपुर गोपाल गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (22) शुक्रवार को गांव निवासी जोगराज सिंह के साथ मोबाइल पर पबजी खेल रहा था। उसका पहले से जोगराज सिंह से विवाद चल रहा था। पबजी खेलने के दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
इसके बाद जोगराज सिंह ने अपने साथी सन्नी, तीरथ सिंह, और राजू उर्फ भीमा को बुला लिया था। चारों आरोपियों ने सुरेंद्र को पहले जमकर पीटा और फिर उसे लहूलुहान हालत में छोड़ कर फरार हो गए थे। परिजन उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले गए थे। जहां शनिवार को सुरेंद्र सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। सुरेंद्र सिंह के भाई ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि चारों आरोपी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किए गए, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया है।







