मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की एक किशोरी को अगवा कर आरोपी बरेली ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने किशोरी को बरेली रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। बाल कल्याण समिति के जरिए किशोरी उसके मां बाप को सौंपी गई है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने सिविल लाइंस थाने में अमरोहा जनपद के बछरायूं थाना क्षेत्र के सेहलापुर वाजिदपुर गांव निवासी निकित के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो और दुष्कर्म में केस दर्ज कराया था।
जिसमें महिला ने बताया कि उसके पड़ोस में निकित किराये पर रहता था। तीन मार्च को उसकी 14 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। आरोपी उसकी बेटी को अगवा कर ले गया। आरोपी ने बरेली में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। परिजन किशोरी की कई जगह तलाश की लेकिन, उसका कोई पता नहीं चल सका था। छह मार्च को बाल कल्याण एवं नारी निकेतन बरेली से किशोरी के पिता के मोबाइल पर कॉल आई और बताया गया कि उनकी बेटी बरेली जीआरपी के पास है। इसके बाद बरेली से किशोरी को मुरादाबाद बाल कल्याण समिति भेज दिया गया था। तब किशोरी परिवार के सुपुर्दगी की गई थी। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।







