रुड़की। कबूतरबाजी को लेकर पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दो लोगों पर सरिये से हमला कर घायल कर दिया। घायलों को परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन हमलावरों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। गंगनहर कोतवाली को माधोपुर निवासी जुनैद ने तहरीर देकर बताया कि भाई सुहेब ने कबूतर पाल रखे हैं। जबकि पड़ोसी लाला भी कबूतरबाजी करता है। दोनों में कबूतरबाजी को लेकर कुछ विवाद हो गया था।
जिसका बदला लेने के लिए लाला पक्ष के लोगों ने उवेश और सुहेब को सरिये से मारपीट कर घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर हमलावर मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिवार के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। वरिष्ठ उप निरीक्षक जहांगीर अली ने बताया कि मुंतजीर उर्फ लाला पुत्र मुर्सलीन, सुहेल पुत्र मुंतजीर और शहीद पुत्र इब्राहिम निवासी गांव माधोपुर के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।







