लखीमपुर खीरी। उचौलिया थाना क्षेत्र में वनकागांव निवासी युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव हाईवे किनारे जंगल में फेंक दिया गया, जिसे जानवरों ने निवाला बना लिया। आरोपियों की निशानदेही पर नौ दिन बाद उसका कंकाल बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में एक किशोर समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। गांव वनकागांव निवासी किशोरी लाल (41) 13 अप्रैल को लापता हो गए। परिजनों ने गांव के ही 16 साल के किशोर और पड़ोसी गांव के युवक पर हत्या कर शव फेंकने का अंदेशा जताया था। पुलिस छानबीन कर रही थी। शक पुख्ता होने पर पुलिस ने किशोर और युवक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तब पूरा मामला खुल गया।
आरोपियों ने 10 हजार रुपये लूटकर किशोरी लाल की हत्या कर दी थी। शव शाहजहांपुर सीमा के पास हाईवे किनारे जंगल में फेंक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर रविवार को पुलिस मौके पर पहुंची। जहां किशोरी लाल का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि शव जंगली जानवर खा गए। इसलिए इतनी जल्दी शव कंकाल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर किशोरी लाल का शव होने की बात कही। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ जारी है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यह भी जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी किशोरी लाल से परिचित थे। गांजा साथ में पीते थे।







