गाजियाबाद। बॉर्डर थाना पुलिस ने नाबालिग बेटी और बेटे के साथ दरिंदगी के आरोपित सौतेले पिता और सहयोग करने वाली सगी मां को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि चार दिन पूर्व दिल्ली पुलिस द्वारा जीरो एफआईआर लोनी बार्डर थाना पुलिस को स्थानांतरित हुई। उसमें बच्ची के साथ सौतेले पिता पर दरिंदगी करने का आरोप लगा था। लोनी बार्डर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रयास केंद्र दिल्ली से नाबालिग बेटी और बेटे को लाकर जानकारी जुटाई गई। बेटी ने बताया कि सगे पिता की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसके बाद मां ने एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली।
उस सौतेले पिता ने उसके और भाई के साथ दरिंदगी की। इसमें मां भी उसका साथ देती थी। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देती थी। भास्कर वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सौतेले पिता व सगी मां को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित सौतेले पिता ने बताया कि पीड़िता की मां किराए के मकान में अपने पहले पति के साथ रहती थी। इसका पति अक्सर बीमार रहता था। उसी समय से आरोपी के संपर्क में आ गई थी। उस समय खर्चे के लिए अकसर पैसे मांगती रहती थी। पति की मृत्यु के बाद दोनों ने शादी कर ली। पैसे कमाने के लालच में उससे देह व्यापार कराने लगा। उसकी नाबालिग बच्ची और बेटे के साथ भी दरिंदगी करने की बात स्वीकार की।







