सीतापुर। थाना थानगांव पुलिस टीम ने क्षेत्र के ग्राम चंदौली के निकट चैका पुल पर नाकेबंदी की। यहां पर पुलिस ने कार सवार तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया थाना क्षेत्र के ग्राम बनवीरपुर निवासी सुखराज सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र स्वर्गीय बलवन्त सिंह के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि इन दिनों वह छठा मील क्रासिंग कोटवा रोड नई बस्ती नवी कोट बन्दना बक्सी का तालाब लखनऊ में रह रहा है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 611 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद अफीम की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में है। पुलिस का यह भी कहना है कि सुखराज सिंह उर्फ सुख्खा शातिर तस्कर है। वह अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने का काम ही करता है। पुलिस ने जिस कार समेत सुख्खा को गिरफ्तार किया है, उस कार पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। वहीं सुख्खा के बारे में अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस को संदेह है कि सुख्खा किसी बड़े गैंग में काम करता है। यह हैंडलर है, जबकि उसके अन्य साथी भी इस तस्करी में शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हनुमन्त लाल तिवारी, जितेन्द्र कुमार सिंह, उमराव सिंह, शैलेष पाण्डेय, नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, निखिल कुमार, हेमंत कुमार, निपेन्द्र कुमार, पंकज कुमार आदि पुलिसकर्मी शामिल हैैं।







