रामपुर। स्वार क्षेत्र की एक युवती को हल्द्वानी के युवक ने फेसबुक पर दोस्ती कर प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। बाद में उसका जबरन गर्भपात करा दिया। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो उसने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट की और जान से धमकी देकर भगा दिया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्रेमी सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती का कहना है कि लगभग तीन वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से वह निखिल सिंह निवासी गली नंबर तीन सरगम सिनेमा रामपुर रोड हल्द्वानी उत्तराखंड के संपर्क में आई थी।
दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और प्रेम प्रसंग चलने लगा। निखिल ने शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बनाए। इसके चलते वह गर्भवती हो गई। बाद में उसने जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद शादी करने से मुकर गया। युवती ने मामले की जानकारी जब निखिल के माता-पिता और जीजा को दी तो उन्होंने शादी के लिए कुछ समय मांगा। युवती का आरोप है कि 23 जनवरी 2024 को निखिल उसके घर आया। तब वह घर में अकेली थी। निखिल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मारपीट की।
अगले दिन उसे अपने साथ नैनीताल के भीमताल स्थित एक होटल लेकर पहुंचा जहां उसके माता-पिता और जीजा समेत दो अज्ञात पहले से मौजूद थे। उन्होंने धमकी दी कि वह निखिल का पीछा छोड़ दे। सभी ने मिलकर मारपीट की और उसे भगा दिया। एसपी के आदेश पर स्वार पुलिस ने आरोपी युवक के पिता गोविंद सिंह, माता इंद्र सिंह और जीजा रोहित कुमार व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल संदीप त्यागी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।







