हांसी। गांव भाटला में एक युवक का पेड़ से लटका शव मिलने से सन्नाटा पसर गया। परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया। परिजनों के अनुसार बीते दिनों युवक के प्रेम प्रसंग के मामले में पंचायत भी हुई थी। तब युवती के परिजनों ने हत्या करने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार सुबह से ही लापता था। मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार गांव के 19 वर्षीय सचिन का शव छोटे अड्डे के निकट युवक का शव सुबह पेड़ से लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि युवक का गांव की ही एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मृतक के ताऊ राजेंद्र ने बताया कि 15 दिन पहले लड़की को चिट्ठी देने को लेकर विवाद हुआ था। राजेंद्र ने बताया कि ग्रामीण लड़की के परिजनों के पास एकत्रित होकर गए थे।उन्होंने बताया कि उनको लड़की के परिजनों ने धमकी दी थी कि तुम्हारे लड़के की हम हत्या करेंगे। राजेन्द्र ने बताया कि उन्होंने युवती के परिजनों से माफी भी मांगी थी मगर वह नहीं मान रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वह डर के मारे 10 दिनों से छुप रहा था। सचिन शुक्रवार को घर से लापता हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भतीजे की हत्या करके पेड़ पर लटकाया गया है। राजेंद्र ने बताया कि सचिन के पिता कबाड़ चुगने का काम करता है और वह मंदबुद्धि है। मृतक सचिन का एक छोटा भाई व बहन है। सचिन ने कुछ दिन पूर्व दसवीं कक्षा का पेपर दिया था।







