चंडीगढ़। मोहाली सीमा के साथ लगते सेक्टर-54 की सुनसान जगह पर पुलिस को एक 60 साल की महिला का शव मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला के सिर पर चोट मारकर हत्या की गई है। सेक्टर-54 के सरकारी स्कूल के पास सुनसान एरिया में इस घटना को अंजाम दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, बुधवार शाम को घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी चरनजीत सिंह विर्क और सेक्टर-39 थाना प्रभारी नरेंद्र पटियाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। महिला के शव को गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। प्राथमिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है लेकिन पुलिस को यह भी कहना कि इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मौके पर एसएफएल की टीम ने पहुंचकर खून के नमूने भी लिए हैं।
घटना की सूचना महिला के परिजनों तक भी पहुंच गई थी। वे मोहाली के एक एरिया में बनी झुग्गियों में रहने वाले हैं। महिला के परिजनों ने उसकी पहचान कर पुलिस को बताया कि महिला कल से घर से लापता थी। वहीं, महिला और उसका परिवार यूपी के बस्ती जिला के रहने वाले हैं। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपी को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।







