रुड़की। एक महिला ने पति के परिचित पर शराब के व्यवसाय में साझेदारी के नाम पर 25 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। बताया कि साजिश के तहत रकम हड़पने का पता चलने पर पति को हार्ट अटैक पड़ गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अशोकनगर ढंडेरा निवासी सुनीता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अप्रैल 2023 में पति प्रमोद कुमार के एक परिचित ने शराब व्यवसाय में साझेदारी की बात कही थी।
उसके विश्वास में आकर पति शराब व्यवसाय में साझेदार बनने के लिए राजी हो गए। इस बीच पति ने परिचित को करीब 25 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि परिचित ने पति को साझेदार न बनाकर एक महिला और छह लोगों को साझेदार बना लिया। इसकी जानकारी उनके पति को लगी तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर परिचित ने पति को जान से मारने की धमकी दी।







