हरियाणा। करनाल के खंड के मुंडो गढ़ी गांव में करीब दो सप्ताह पहले अपने दोस्त शरीफ की हत्या करने वाले आरोपी आरिफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गांव से ही वीरवार देर रात को आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी दोस्त को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल कर पूछताछ करेंगी।
बता दें कि 27 जनवरी को मुंडो गढ़ी गांव निवासी शरीफ अपने दोस्त आरिफ के साथ गया था। अगले दिन 28 फरवरी को शरीफ का शव यमुना में मिला था। परिजनों ने युवक की नहर में डूबने की आशंका के चलते उसको कब्र में दफना दिया था लेकिन करीब 10 दिन बाद मृतक के परिजनों ने उसके दोस्त पर ही हत्या का शक जाहिर करते हुए घरौंडा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्र से खोदकर बाहर निकाला और उसका पोस्टमार्टम करवाकर बाद में परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। जिसके बाद परिजनों ने दोबारा से शरीफ के शव को दफना दिया था। वीरवार देर रात पुलिस ने मृतक के परिजनों की सूचना पर आरोपी दोस्त आरिफ को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। आज पुलिस करनाल कोर्ट में आरोपी दोस्त को पेश करेंगे और रिमांड हासिल करेंगी। रिमांड के दौरान ही गहनता से पूछताछ करेंगे कि जिससे शरीफ की मौत का सच सामने आ सकें।







