अमरोहा। शाहबाद में स्कूल गई छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे मुरादाबाद के बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। दो आरोपी अभी फरार हैं। ढकिया चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पिता का आरोप था कि 19 दिसंबर को सुबह नौ बजे बेटी स्कूल गई थी। स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर नहीं लौटी। जांच में पता चला कि गांव का एक युवक छात्रा का अपहरण कर ले गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग आरोपी, उसके पिता व भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा को बरामद कर लिया था।







