बांदा। दहेज के लिए विवाहिता को पहली विदाई से ताने मिले। उसे पीटा भी गया। ससुर ने छेड़खानी कर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने पति और ससुर समेत पांच ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मरका थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय नवविवाहिता ने थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि उसकी शादी बबेरू कोतवाली के एक गांव में सात माह पहले 21 मई को हुई थी। पहली विदाई से पति, ससुर, सास, ननद व जेठ कम दहेज मिलने का ताना देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
दहेज में बाइक और दो तोले की सोने की चेन की मांग कर रहे थे। पिता व भाई के समझाने पर भी वह नहीं मानें। दूसरी बार जब वह ससुराल गई तो पति, सास-ससुर व ननद ने उसके साथ अभद्रता की। कीटनाशक पिलाने की धमकी दी। मारपीट करने पर उसने सिमौनी चौकी में शिकायत भी की थी। इस पर समझौता हुआ था। इसके बाद भी ससुर ने उसके साथ छेड़खानी की। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







