बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में छात्रा ने दोस्ती से इंकार किया तो शोहदे ने उसकी मां को रास्ते में रोककर छेड़खानी कर दी। महिला ने भागकर खुद को बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में आरोपी ने अजब कहानी बताई, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई। नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 11 की छात्रा ने बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। वह दोस्ती करने का दबाव बनाता था। कई बार उसने मना किया, मगर आरोपी हरकतों से बाज नहीं आया। परिवार से शिकायत करने पर उन्होंने भी समझाया। इसके बाद भी आरोपी ने पीछा करना बंद नहीं किया। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
आरोपी की हरकतों से परेशान छात्रा ने पढ़ाई छोड़ दी। वह घर से भी नहीं निकलती है। आरोपी पूरा दिन घर के आसपास टहलता रहता है। रविवार को छात्रा की मां गोबर फेंकने जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने उनके साथ छेड़खानी की। भागकर खुद को बचाने के बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल करके सूचना दी। गांव पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुसिल ने जब पूछताछ की तो आरोपी युवक ने बताया कि छात्रा सपनों में आती है लेकिन उसकी मां मिलने नहीं दे रही है। इस मामले में कोतवाल श्रवण कुमार ने बताया कि छात्रा को परेशान करने की शिकायत मिली है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।







