नोएडा। नोएडा के सेक्टर-136 स्थित सोविरेन टावर में संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने के बाद स्थानीय पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में सामने आए इस मामले में विदेशी नागरिकों को बिजनेस वीजा पर नौकरी और अच्छी कमाई का झांसा देकर बुलाने तथा उनसे साइबर ठगी कराने का आरोप है। मामले में नोएडा साइबर क्राइम थाने में सेंटर संचालक और विदेशी नागरिकों के खिलाफ वीजा नियमों के उल्लंघन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई और उसके एक करीबी सहयोगी ने सेक्टर-136 के टावर में ठगी का पूरा नेटवर्क खड़ा किया था। आरोप है कि इसके लिए गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस से किराये के समझौते या अन्य अनुबंधों का सत्यापन तक नहीं कराया गया। नेटवर्क के जरिए 164 विदेशी नागरिकों को बिजनेस वीजा पर नौकरी और आकर्षक कमाई का लालच देकर दिल्ली-एनसीआर में लाया गया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सेंटर में काम करने वाले मलेशिया और इंडोनेशिया के नागरिक आसपास के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे। उनके लिए प्रतिदिन ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए खाना पहुंचाया जाता था। वहीं, विदेशों में ठगी से हासिल रकम भेजने के लिए वे टावर के पास स्थित एक चाय की दुकान पर जाते थे।
बताया गया कि सेंटर में काम करने वाले विदेशी नागरिक लग्जरी गाड़ियों से आते-जाते थे और ठगी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मौज-मस्ती में करते थे। कार्यालय में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए थे, जिनके माध्यम से साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित किया जाता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की नियमित गश्त के चलते सेंटर संचालक और वहां काम करने वाले विदेशी नागरिक सतर्क रहते थे। कार्रवाई से बचने के लिए कार्यालय का प्रचार नहीं किया जाता था। आसपास के लोगों से संपर्क सीमित रखा जाता था और सेंटर की गतिविधियों को गोपनीय बनाए रखने की कोशिश की जाती थी।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद नोएडा पुलिस ने भी सेंटर में जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्यालय में मौजूद रिकॉर्ड, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य डिजिटल दस्तावेजों की पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, फेस-2 थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने एक विदेशी नागरिक से मिले शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर एनसीआर में सॉफ्टवेयर कंपनी की आड़ में विदेशी नागरिकों के साथ ठगी किए जाने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी।
इसके बाद दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान साइबर अपराध से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई। नोएडा पुलिस ने मकान मालिक और विदेशी नागरिकों के खिलाफ वीजा शर्तों के उल्लंघन के संबंध में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।







