लखनऊ। ठाकुरगंज के रोशननगर में एक फीजियोथैरेपिस्ट ने सोमवार रात पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पति भाग गया। सुबह जब बच्चे सोकर उठे तो कमरे में खून से लथपथ मां का शव देखा। तभी मृतका की मां भी वहां पहुंच गईं। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका का पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। रोशननगर निवासी आनंदेश्वर अग्रहरि ने नाका निवासी संध्या साहू (38) से करीब 15 साल पहले लव मैरिज की थी। उनके दो बेटे तनिष्क (11) व छोटा बेटा शौर्य (09) है। तनिष्क डेफ है।
पुलिस के मुताबिक अब तक जांच में सामने आया कि बीती रात किसी बात पर हुए विवाद के बाद आनंदेश्वर ने संध्या की गला रेतकर हत्या कर दी। कुछ देर तक वहां रहने के बाद सुबह होने के पहले वह घर छोड़कर चला गया। इधर सुबह दोनों बेटे जब उठे तो कुछ देर बाद देखा कि मां खून से सनी पड़ी हुई हैं। इस बीच संध्या की मां कमला साहू भी वहां पहुंच गईं तब पुलिस को सूचना दी गई। एसीपी चौक सुनील शर्मा ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। आनंदेश्वर की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। वह जल्द पकड़ा जाएगा। वारदात की वजह पता की जा रही है।







