नई दिल्ली। पहाड़गंज इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से चल रहे सेक्स रैकेट का नबी करीम थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से आठ महिलाओं को भी पाबंद किया गया, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में पहाड़गंज निवासी स्पा मालिक विवेक कुमार, झारखंड निवासी मैनेजर दशरथ मंडल, छपरा निवासी अमन और गाजियाबाद निवासी गुड्डू करमाकर शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 21 सितंबर की शाम करीब सात बजे सब इंस्पेक्टर नीरज राठी को सूचना मिली थी कि पहाड़गंज की मुल्तानी ढांडा स्थित गली नंबर तीन में प्रॉपर्टी नंबर 9139 की दूसरी और तीसरी मंजिल पर स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने सब इंस्पेक्टर अमित को नकली ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। गैर-कानूनी गतिविधि की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने सेंटर पर छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
मौके से नेपाल, बंगाल, नोएडा और पंजाब की रहने वाली आठ महिलाओं को पाबंद किया गया था। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।







