राजस्थान। अलवर जिले के कोटकासिम कस्बे में बारात के साथ गए रेवाड़ी के तीन युवकों पर फायरिंग करने का मामले सामने आया है। देर रात करीब साढ़े दस बजे रंजिश को लेकर बरातियों में विवाद हुआ था। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग कर दी। जानकारी के मुताबिक 12 राउंड से ज्यादा फायरिंग में दो गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी समारोह के दौरान फायरिंग के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस दुश्मनी के चलते तीनों युवकों को गोली मारी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी पता चला है कि मामला आपसी रंजिश का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिले के गांव गढ़ी निवासी अमन (20), विकास (25), नवीन (26) अपने गांव के अन्य दोस्तों के साथ साहिल की शादी में राजस्थान के अलवर जिले के कोटकासिम कस्बे में पड़ने वाले गांव मकड़वा मतलवास में गए थे। शादी समारोह से कुछ ही दूरी पर खड़े अमन, विकास और नवीन पर कार सवार लोगों ने फायरिंग कर दी। तीनों को दो-दो गोलियां लगीं। सीने में गोली लगने से अमन की मौत हो गई। जबकि विकास और नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
विकास के एक हाथ में और दूसरी कंधे में गोली लगी। नवीन के सीने और पीठ के पास गोली के छर्रे लगे हैं। मृतक अमन की शादी अगले साल फरवरी में और घायल विकास की शादी अगले महीने 15 दिसंबर को होनी है। फिलहाल इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। स्थिति मौके पर इस तरह हो चुकी थी कि वहां पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर लोगों के घरों में छुपते हुए नजर आए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।







