वाराणसी – वाराणसी के लहरतारा इलाके में एक बाइक शोरूम में चोरी की ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस और कर्मचारियों को हैरान कर दिया। चोर चोरी करने के लिए शोरूम में दाखिल हुआ, लेकिन बाइक लेकर निकलने से पहले करीब चार घंटे तक वहीं मौजूद रहा। इस दौरान उसने फ्रिज से पानी पिया, कॉफी बनाई, बाथरूम में नहाया और डांस भी किया।
मामला उदय ऑटो सेल्स नाम के बाइक शोरूम का है। शोरूम मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, उन्होंने 10 अगस्त की शाम अपनी KTM एडवेंचर बाइक शोरूम में खड़ी की थी और इसके बाद घर चले गए। अगले दिन एजेंसी पहुंचने पर बाइक गायब मिली।
इसके बाद कर्मचारियों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आया कि आरोपी रात करीब 11:12 बजे शीशे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था। बाइक चोरी करने की जल्दबाजी करने के बजाय वह काफी देर तक शोरूम के अंदर घूमता रहा।
सीसीटीवी में आरोपी को फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पीते और शोरूम में मौजूद कॉफी मशीन से कॉफी बनाकर पीते देखा गया। इसके बाद उसने बाथरूम का इस्तेमाल किया और वहां नहाने के बाद डांस भी किया। करीब चार घंटे शोरूम में रहने के बाद वह KTM एडवेंचर बाइक लेकर वहां से निकल गया।
मैनेजर की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने पहले गाजीपुर से चोरी की गई बाइक बरामद की और इसके कुछ समय बाद आरोपी को भी पकड़ लिया।
एसीपी मंडुआडीह के अनुसार, आरोपी के व्यवहार को देखते हुए उससे पूछताछ में ज्यादा जानकारी हासिल नहीं हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।







