ओडिशा। ओडिशा के कालाहांडी जिले में आठ माह की गर्भवती महिला ने एक पादरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 20 वर्षीय महिला का आरोप है कि पादरी ने उसके पति को नशीला पदार्थ मिला शराब पिलाकर बेहोश किया और इसके बाद प्रार्थना के बहाने उसे दूसरे कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर भवानीपटना सदर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता पास्तिकुडी ग्राम पंचायत के थेमरा गांव की रहने वाली है। गर्भावस्था के दौरान उसकी तबीयत बार-बार खराब होने के कारण परिवार ने उपचार और प्रार्थना के लिए गांव के पादरी जिनेश कुमार से संपर्क किया था।
महिला की शिकायत के अनुसार, सात अगस्त को पादरी ने उसे और उसके पति को अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां पादरी ने उसके पति को शराब दी, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया गया था। शराब पीने के बाद पति बेहोश हो गया। इसके बाद महिला को प्रार्थना के नाम पर दूसरे कमरे में ले जाने और उसके साथ यौन अपराध करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पादरी ने उसे और उसके पति को किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण दोनों वहां से निकल गए और अगले दिन पुलिस से शिकायत की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तारा जैस्मीन गुरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की है। एसडीपीओ नरेश प्रधान के अनुसार, आरोपित फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है, इसलिए लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।







