हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्चे के साथ कथित तौर पर यौन अपराध की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, बच्चा कालाढूंगी रोड से जुड़ी एक दुकान पर गया था। आरोप है कि रात करीब आठ बजे एक युवक उसे दुकान के अंदर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। इसी दौरान बाहर मौजूद एक व्यक्ति की नजर घटना पर पड़ गई। शोर मचने के बाद आसपास के लोगों ने युवक को पकड़ लिया।
मामले की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला सामने आने के बाद कुछ लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाकर कानून-व्यवस्था या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







