रेवाड़ी: हरियाणा की रेवाड़ी पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ट्रैक डाउन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रविवार को अभियान चलाकर मादक पदार्थ तस्करी, सट्टा-खाईवाली और अवैध शराब की बिक्री में शामिल कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से 646.71 ग्राम गांजा, 1 ग्राम स्मैक, 50 पव्वे देशी शराब और सट्टे की 5,440 रुपये की नगदी बरामद की है।
धारूहेड़ा क्राइम ब्रांच, सेक्टर-3 पुलिस चौकी और शहर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बावल, दाऊदपुर और जलियावास क्षेत्रों से गांजा तस्करी में संलिप्त आरोपियों (अमित कुमार, रिजाऊल इस्लाम, कार्तिक और ब्रह्मदत्त) को दबोचा। वहीं, धारूहेड़ा थाना पुलिस ने 1 ग्राम स्मैक के साथ जितेंद्र नाम के आरोपी को हिरासत में लिया।
इसके अलावा, गोकल गेट, भाड़ावास गेट और जगन गेट पुलिस चौकियों ने सट्टेबाजी और अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। सट्टा खाईवाली में शामिल अमरजीत, राजू और शिवम को रंगे हाथों गिरफ्तार कर नगदी जब्त की गई, जबकि पंकज नाम के व्यक्ति को अवैध देशी शराब के पव्वों के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने इस दौरान एक बेल जंपर (भगोड़े) को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।







