श्रीनगर: उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने आधी रात को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं (ह्यूमन इंटेलिजेंस) की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई थी। इसके बाद देर रात बांडीपोरा के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पीड़िता के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न कठोर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए सभी वैज्ञानिक व फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ा जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अदालत में एक मजबूत चार्जशीट दाखिल कर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।







