नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में स्थित एक ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर से प्राचीन मूर्तियों की चोरी का मामला सामने आया है। मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव में अज्ञात चोर देर रात मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां स्थापित पालकालीन दुर्लभ प्रतिमाओं को चुरा ले गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने पुरातात्विक धरोहर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुबह सफाई के दौरान हुआ चोरी का खुलासा
रोजाना की तरह सुबह जब ग्रामीण मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो मंदिर का मुख्य द्वार टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की खंडित प्रतिमा अपने स्थान से गायब थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत मानपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
तालाब की खुदाई में मिली थीं प्राचीन प्रतिमाएं
ग्रामीणों के अनुसार, भगवान विष्णु और सूर्य देव की प्रतिमाएं पिछले वर्ष गांव में तालाब की खुदाई के दौरान मिली थीं। ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इन दुर्लभ पालकालीन मूर्तियों को सुरक्षित रखने के लिए बुद्ध मंदिर में स्थापित किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये प्रतिमाएं धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी अहम हिस्सा थीं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मानपुर थाना पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और चोरी हुई प्राचीन मूर्तियों की बरामदगी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी व्यवस्था को मजबूत करने और ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा के लिए स्थायी इंतजाम करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के लिए गंभीर खतरा हैं।







