कानपुर। कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में ज्वैलर्स की दुकान में हुई करीब 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को काकादेव क्षेत्र स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद कुछ सोने के आभूषण स्थानीय सर्राफ कारोबारियों को बेच दिए थे। उनसे मिली रकम का इस्तेमाल उन्होंने घूमने-फिरने और अपने अन्य शौक पूरे करने में किया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बेचे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और चोरी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।







