मेरठ। मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक बड़े कारोबारी की हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस और एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि एक करोड़ रुपये की सुपारी लेकर कुख्यात अपराधी जुबैर व्यापारी की हत्या करने मेरठ पहुंचा था। हालांकि एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में जुबैर मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
एसटीएफ के मुताबिक जुबैर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के शिक्षक राव दानिश हिलाल हत्याकांड में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में उसके भाई फहाद और यासिर भी आरोपी हैं, जिन पर भी एक-एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार जुबैर हाल ही में मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी में रहने वाले व्यापारी की हत्या की सुपारी लेकर आया था। पुलिस को शक है कि इस साजिश के पीछे शहर का एक बिल्डर भी शामिल हो सकता है। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश की गहराई से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती समेत करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि उसने अपने दोनों भाइयों को भी अपराध की दुनिया में शामिल कर लिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों भाइयों को उनकी बहन का संरक्षण मिलता था।
एसटीएफ ने अलीपुर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में जुबैर को मार गिराया था। मौके से पुलिस ने बाइक और दो पिस्टल बरामद की थीं। अब फरार साथी और दोनों भाइयों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मुठभेड़ के बाद मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और एसटीएफ से पूरे ऑपरेशन की रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाएगा।







