देहरादून- कैंट थाना क्षेत्र के किशननगर इलाके में संचालित अवैध देह व्यापार के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एक स्कूल के पीछे किराये के मकान में संदिग्ध गतिविधियां चलने की शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पांडे और जंग बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
बताया जा रहा है कि इलाके की पार्षद नंदिनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों का मुद्दा उठाया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और जांच के बाद मौके पर दबिश दी गई।
कैंट थाना पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने करीब छह महीने पहले यह मकान किराये पर लिया था और उसी जगह से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।







