कुशीनगर – उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बसडिला बुर्जुग गांव में ससुराल आए एक युवक ने अपनी साली की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के धर्मचक गांव निवासी 27 वर्षीय जितेंद्र प्रजापति अपनी ससुराल मंगलवार शाम को आया था। रात में वह वहीं रुका हुआ था। बुधवार सुबह नाश्ता करने के बाद उसने अपनी 18 वर्षीय साली नैना कुमारी को कमरे में बुलाया। कुछ देर बातचीत के बाद दोनों कमरे के अंदर थे और दरवाजा बंद था।
इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई।
परिजनों के मुताबिक जितेंद्र ने पहले नैना को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। मौके पर पहुंची तमकुहीराज पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और एसडीएम आकांक्षा मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि घटना से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।







