फतेहपुर- फतेहपुर जिले में प्रेम संबंध के विवाद ने एक महिला की हत्या की सनसनीखेज वारदात का रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, एलएलबी के छात्र ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और महिला के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। आरोपी को महिला के अन्य लोगों से संपर्क होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान महिला ने उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी दी थी। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह खुद थाने पहुंच गया और पूरी वारदात की जानकारी दी।
पुलिस आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां से शव बरामद किया गया। मामले में मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी है। आरोपी एलएलबी का छात्र है और कचहरी में प्रैक्टिस भी करता था। दोनों कुछ समय से साथ रह रहे थे।







