हापुड़ -हापुड़ के साठा चौरासी क्षेत्र में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान अचानक तनाव की स्थिति बन गई। यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते पथराव और हंगामे में बदल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा जब देहरा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ वाहनों और आसपास की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी और स्थिति को शांत कराया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।







