ग्रेटर नोएडा – कासना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संपत्ति विवाद में अपने ही बेटे की हत्या करने का आरोप पिता पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने परिजनों को फंसाने की साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 13 वर्षीय किशोर के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पता चला कि बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में देखा गया था।
पुलिस ने जब पिता से पूछताछ की तो वह बार-बार बयान बदलता रहा और जांच को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। आरोपी ने दावा किया कि उसका बेटा गांव गुलिस्तानपुर में एक परिचित के पास है, लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ।
इसी दौरान देर शाम गांव सिरसा स्थित 6 प्रतिशत कॉलोनी के पास तालाब में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान लापता बच्चे के रूप में की। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता ने कथित तौर पर बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने संपत्ति विवाद में अपने ही रिश्तेदारों को फंसाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।







