ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने कथित तौर पर 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति और मां के साथ सोसाइटी के एक फ्लैट में रहती थी। उसके ससुर उसी टावर की 18वीं मंजिल पर अकेले रहते हैं। घटना के समय ससुर दिल्ली दवा लेने गए हुए थे, जबकि पति भी घर से बाहर था। इसी दौरान महिला फ्लैट की चाबी लेकर ऊपर पहुंची और फ्लैट के अंदर जाने के बाद बालकनी से छलांग लगा दी।
घटना की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।







