दिल्ली – दिल्ली के उत्तरी जिले के बुराड़ी इलाके में हुई सवा चार लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर (25), कृष (22), कपिल (19) और शाहदाब उर्फ अमित (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 26 हजार रुपये नकद, लूट की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल फोन और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है।
यह वारदात 27 अप्रैल को हुई थी, जब कैश कलेक्शन एजेंट संदीप स्वरूप नगर स्थित एक कंपनी के स्टोर से करीब सवा चार लाख रुपये लेकर जा रहा था। रास्ते में ओम गार्डन बैंक्वेट हॉल के पास स्कूटी सवार बदमाशों ने उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। इसी दौरान अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और हथियार के बल पर कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 35 किलोमीटर के दायरे में लगे 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद हरियाणा की ओर भागे, वहां कपड़े बदले और फिर सिंघु बॉर्डर के रास्ते दिल्ली लौटकर जहांगीरपुरी के एक होटल में रुके।
होटल की सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि बाद में चौथे आरोपी को भी दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी समीर पहले संबंधित कंपनी में काम कर चुका था और उसे कैश कलेक्शन की पूरी जानकारी थी। उसी ने पूरी साजिश रचकर अपने साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।







