बुलंदशहर: जिले के डिबाई थाना क्षेत्र स्थित असदपुर घेढ़ गांव में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 87 वर्षीय दिगंबर सिंह के रूप में हुई है, जो पूर्व ग्राम प्रधान और सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत थे। उनके शव पर गर्दन के पास गहरे घाव के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिगंबर सिंह सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर अपने घेर पर गए थे। कुछ देर बाद एक ग्रामीण वहां पहुंचा तो उन्हें खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि दिगंबर सिंह गांव में सम्मानित व्यक्ति थे और प्रशासनिक अनुभव के चलते लोगों में उनकी अच्छी पहचान थी। परिजनों के अनुसार, वे पिछले कुछ समय से पारिवारिक घटनाओं के कारण मानसिक तनाव में भी थे।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







