कठुआ – जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिलावर क्षेत्र के पलान गांव में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 21.68 किलोग्राम अवैध पोस्त (अफीम) की फसल बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से पोस्त की खेती की जा रही है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी फसल को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में पलान गांव के निवासी खुर्शी मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिलावर थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन लोग शामिल हैं।







