बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव मंगलवार सुबह आलू के खेत में पड़ा मिला। इसकी खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने छानबीन की। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मंगलवार सुबह गांव के लोग करखेड़ी और अतरपुरा के बीच सड़क से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने युवक का शव खेत में पड़ा देखा।
इसकी सूचना पर गांव के तमाम लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने के बाद बिसौली कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई।घटनास्थल पर गहनता से छानबीन की गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खून भी बिखरा पड़ा मिला, वहीं युवक के गले में अंगोछा बंधा हुआ था। आशंका है कि युवक की हत्या करके शव को आलू के खेत में फेंका गया है। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पास के गांवों में भी पता किया जा रहा है।







