आगरा – खंदौली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी की आपत्तिजनक स्थिति का वीडियो वायरल मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी को जानने वाले एक युवक ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और अपने साथ ले गया। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया गया। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के प्रसार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार मानसिक रूप से आहत है। पुलिस द्वारा पीड़िता की काउंसिलिंग कराई जा रही है और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







