इटावा – इटावा जिले के भरथना क्षेत्र से एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। आदर्श नगर निवासी 18 वर्षीय प्रिया ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, युवती को गंभीर हालत में सैफई के पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी का मोहल्ले के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और शादी की बात तय हुई थी।
हालांकि, आरोप है कि समझौते के बाद भी युवक और उसके परिजनों ने शादी के लिए पैसे की मांग शुरू कर दी। इसी बात से परेशान होकर युवती ने यह कदम उठाया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







