गाजियाबाद – गाजियाबाद के कौशांबी क्षेत्र में रविवार रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। भोवापुर इलाके में दो परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े में महिलाओं और युवतियों समेत दोनों पक्षों के कई लोग शामिल हो गए। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर, डंडे और लात-घूंसे चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। पूरा घटनाक्रम वहीं मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच साइकिल टकराने को लेकर हुई थी, जो बाद में बड़ों के बीच झगड़े में बदल गई। इंदिरापुरम के एसीपी के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत मिलने के आधार पर की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग करने के तहत कार्रवाई की है और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है।







