Bhopal Crime News: भोपाल में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हमलावरों ने घायल युवक का पीछा करते हुए अस्पताल तक फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार घायल इमरान को परिजन इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान बदमाश उनका पीछा करते हुए अस्पताल परिसर तक पहुंच गए। जैसे ही इमरान इमरजेंसी वार्ड में प्रवेश कर रहा था, हमलावरों ने उस पर दोबारा गोली चला दी। हालांकि इस बार गोली इमरजेंसी गेट के कांच में जा लगी और वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस फायरिंग की वारदात को शादाब और उसके साथियों ने अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार इलाके में लल्लू रईस और शादाब के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि शादाब और उसके साथी जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार से जुड़े हैं और उन्हें शक था कि लल्लू रईस उनके ठिकानों की जानकारी पुलिस को देता है। इसी मुखबिरी के संदेह को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ती गई।
पुलिस का यह भी कहना है कि करीब दो साल पहले भी शादाब ने इमरान पर चाकू से हमला किया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।







