अमृतसर। शहर के रतन सिंह चौक इलाके में तीन दिन पहले आम आदमी पार्टी की महिला पार्षद के घर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात की साजिश पार्षद के पति ने ही रची थी। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद पार्षद के पति इंद्रजीत सिंह उर्फ बॉबी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी भांजी ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी। इस बात से नाराज कुछ लोगों ने उनके घर पर फायरिंग कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि फायरिंग की घटना बाहरी हमलावरों की नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी।
पुलिस के अनुसार, पार्षद के पति ने ही कुछ युवकों को पैसे देकर अपने घर पर फायरिंग करवाने की योजना बनाई थी, ताकि मामले को दूसरी दिशा दी जा सके।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दानिश, विशु (निवासी फैजपुर), आकाश (निवासी रामतीर्थ रोड), मानव (निवासी राजासांसी) और अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के दौरान पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर इस केस में और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।






