मोदीनगर- मोदीनगर में मंगलवार सुबह भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। एंटी करप्शन टीम ने निवाड़ी थाने में तैनात थाना प्रभारी जयपाल सिंह रावत को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान उनके पास से 50 हजार रुपये की नकद राशि बरामद की गई, जिसे कथित तौर पर एक मामले में राहत देने के बदले लिया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, अबूपुर गांव के पूर्व प्रधान राकेश कुमार उर्फ बिट्टू ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि थाना प्रभारी एक पुराने केस में मदद के नाम पर उनसे अवैध धन की मांग कर रहे हैं। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया।
तय रणनीति के तहत जैसे ही पूर्व प्रधान ने थाना प्रभारी को रिश्वत की रकम सौंपी, वैसे ही मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने छापा मार दिया और एसएचओ को रंगे हाथों पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, विजिलेंस विभाग ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी पद या रुतबे को नहीं देखा जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







