देवरिया। एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दादा-दादी ने अपने नवजात पोते को चार लाख रुपये में गांव की आशा कार्यकर्ता को बेच दिया। यह सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बच्चे की मां ने सास- ससुर के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। मंगलवार को महुआडीह थाने में दोनों पक्षों में पुलिस ने पंचायत की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद इंस्पेक्टर ने सदर कोतवाली का मामला बताते हुए महिला को वहां जाने के लिए कहा। सदर कोतवाली पहुंचकर महिला ने बच्चा दिलवाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर दूबे के पकड़िहवां टोला निवासी चंदन की पत्नी अनोखी देवी ने 25 अक्तूबर को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एक बच्चे को जन्म दिया। तीन दिन बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। महिला का आरोप है कि घर जाने के बाद उसके सास-ससुर ने बच्चे ट्रेन को गांव की आशा को चार लाख रुपये में बेच दिया। अनोखी ने जब घर वालों से अपने बच्चे के बारे में पूछा तो वे टाल-मटोल करने लगे। इसके बाद उसने अपने पति चंदन को फोन पर जानकारी दी। चंदन रविवार को लुधियाना से घर पहुंचा।







