हरियाणा। सामाजिक संस्थाओं को डोनेशन दिलाने का कार्य करने वाले नोएडा के सेक्टर 45 निवासी नरेंद्र शर्मा का न केवल चार युवकों ने अपहरण कर लिया, बल्कि रोहतक, गोहाना व इसराना में तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा। साथ ही पीटकर वीडियो बनाकर पीड़ित की पत्नी को अमेरिका भेजकर फिरौती मांगी। हालांकि सोमवार को पुलिस ने पीड़ित की लोकेशन के आधार पर छापा मारकर उसे बरामद कर लिया। साथ ही चार अपहरणकर्ताओं को भी दबोचा गया है।
पुलिस के मुताबिक नाेएडा के सेक्टर 45 निवासी नरेंद्र शर्मा ने दी शिकायत में बताया कि वह बैंक से प्रोपर्टी लोन व पर्सनल लोन पास कराने के साथ-साथ कंपनी से जुड़ा है, जिसके मालिक संजय है। वे सामाजिक संस्थाओं को डोनेशन देते रहते हैं। वह संस्थाओं को डोनेशन दिलवाने का कार्य करता है। उसे फरीदाबाद में रह रहे पंजाब निवासी विजय शर्मा का फोन आया।
उसने रघुबीर व जनक सिंह से मिलवाया, जो रिटायर फौजी हैं। उन्होंने उसे गुरुग्राम के इफको चौक पर बुलाया। वहां से वह रघुवीर, जनक व प्रदीप के साथ जयपुर चला गया। बाद में चारों रोहतक आ गए। इसके बाद झज्जर जिले के गांव डीघल स्थित एक गोशाला में गए। वे गोशाला को डोनेशन दिलाने की बात कर रहे थे। तभी उसे व रघुवीर को प्रदीप, मनोज, संदीप व मंजीत जबरन एक कार में बैठाकर रोहतक के लाढ़ोत रोड स्थित सनसिटी हाइट्स में ले आए।
पीड़ित का आरोप है कि रात को उसे व रघुबीर को एक फ्लैट के अंदर बंधक बनाकर रखा। उसे पहले खुद पीटा, इसके बाद रघुबीर से डंडों से पिटवाया। साथ में वीडियो बना लिया। यह वीडियो अमेरिका में रह रही पत्नी को भेजकर पैसे मांगे। रघुबीर मौका पाकर फ्लैट से भाग गया। अगले दिन आरोपी उसे गोहाना (सोनीपत) और इसराना (पानीपत) ले गए। वहां एक मकान में रखा, शाम को वापस रोहतक के एक फार्म हाऊस पर ले आए। तीन दिन तक फार्म हाऊस पर जबरदस्ती बंधक बनाकर रखा व लगातार मारपीट करते रहे।
इसी बीच पुलिस ने लापता नरेंद्र की तलाश शुरू कर दी थी। जैसे ही आरोपियों ने नरेंद्र के एक फोन में सिम डाली, तुरंत पुलिस को पता लग गया। पुलिस ने दबिश देकर फार्म हाउस से उसे छुड़वा लिया।







