साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र में किराये का कमरा दिलाने के नाम पर महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान तुलसी निकेतन निवासी दानिश चौधरी के रूप में हुई है। इस घटना का मुख्य आरोपी प्रॉपर्टी डीलर शरीफ पहले ही पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है और साहिबाबाद इलाके में किराये का मकान तलाश रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक प्रॉपर्टी डीलर से हुई, जिसने उसे 29 अक्टूबर को कमरा दिखाने के बहाने बुलाया। आरोप है कि मौके पर आरोपी ने अपने साथी को भी बुला लिया और महिला को पेय पदार्थ में नशीला तत्व मिलाकर पिला दिया।
पीड़िता का आरोप है कि नशे की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपियों ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर शादी का दबाव बनाया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दूसरे आरोपी दानिश चौधरी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







