गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अंकुर विहार थाना क्षेत्र की चमन विहार कॉलोनी में 22 वर्षीय युवक अमरपाल को घर से बाहर बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई। युवक का शव मंगलवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
फोन आने के बाद घर से निकला, फिर नहीं लौटा
मृतक अमरपाल चमन विहार कॉलोनी का निवासी था और दिल्ली के कश्मीरी गेट से ट्रक के पार्ट्स लाकर दुकानों पर सप्लाई करने का काम करता था। परिजनों के अनुसार सोमवार रात करीब नौ बजे अमरपाल के मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसके बाद वह घर से निकल गया।
जब रात करीब दस बजे तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खाली प्लॉट में मिला शव
खोजबीन के दौरान अमरपाल घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला। उसके गले में बिजली का तार बंधा हुआ था। परिजन तत्काल तार हटाकर आसपास के लोगों की मदद से उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर तार के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, हालांकि शरीर पर किसी अन्य तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन मौके से गायब है।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







