गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े और संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए देशभर में फैले करोड़ों रुपये के ऑनलाइन फ्रॉड का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए 43 साइबर अपराधियों का यह गिरोह देश के अलग–अलग राज्यों में दर्ज 20,099 शिकायतों से जुड़ा हुआ है, जिनमें कुल करीब 159 करोड़ 73 लाख रुपये की ठगी की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। वे व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप के लिंक भेजकर लोगों को इन ग्रुप्स से जोड़ते थे। इसके बाद ग्रुप के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया जाता था। शुरुआत में कुछ रकम का फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ितों का भरोसा जीता जाता और फिर उनसे बड़ी रकम निवेश करवा कर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आगे की गिरफ्तारियां की जाएंगी। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर निवेश से जुड़े लुभावने ऑफर्स से सावधान रहें और किसी भी अनजान लिंक या ग्रुप से जुड़ने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।







