पूर्णिया। शहर के रामबाग चौक पर अफवाह के चलते अफरातफरी और हिंसा का माहौल बन गया। मोमो में मिलावट की अपुष्ट बात फैलते ही कुछ लोगों ने कानून हाथ में ले लिया और एक ठेले पर काम कर रहे दुकानदार की दुकान को नुकसान पहुंचाते हुए आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसे देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि शाम के समय बाजार में काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक मोमो ठेले को लेकर मिलावट की बात कही गई, जिसके बाद बिना किसी पुष्टि के लोग उग्र हो गए। हालात बिगड़ते देख दुकानदार जान बचाकर वहां से निकल गया, जबकि भीड़ ने उसके ठेले को तोड़फोड़ कर आग लगा दी। कुछ ही देर में ठेला पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया। हालात को देखते हुए रामबाग चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी तरह की दोबारा अप्रिय घटना न हो।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोमो में मिलावट का आरोप निराधार था। सदर थाना पुलिस ने अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी खाद्य पदार्थ को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना देना चाहिए। अफवाह फैलाना और हिंसा करना गंभीर अपराध है। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







